पटना। पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में हुए बवाल और कथित फायरिंग मामले के बाद मशहूर शिक्षक ‘खान सर’ की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संस्थान के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और उनके हथियार भी जब्त कर लिए हैं। वहीं, इस पूरे विवाद में खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। पटना में दर्ज इस मुकदमे के बाद अब खान सर के पैतृक गांव भाटपाररानी (उत्तर प्रदेश) में भी उनके खिलाफ पुराने विवादों को लेकर सुर तेज होने लगे हैं।
गांव के पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने खान सर पर प्रशासनिक रसूख और धन-बल के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके पड़ोसी धर्मेंद्र ने दावा किया कि खान सर ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर गली की सड़क और नाली विवाद में ग्रामीणों को प्रताड़ित किया और जबरन उनकी दीवार गिरवा दी थी। वहीं, रिश्ते में चाचा लगने वाले इमरान ने पुश्तैनी मकान के विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि खान सर का परिवार बेहद अहंकारी और अत्यधिक महत्वाकांक्षी हो चुका है। सुर्खियों में बने रहने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं और पटना की घटना इसी का नतीजा है।
स्थानीय निवासी निशार अहमद खान ने भी उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अत्यधिक लोकप्रियता के चक्कर में उनका स्वभाव अब दबंगई वाला हो गया है। गौरतलब है कि 2 जून को पटना में कोचिंग संस्थान पर हमले के दौरान गार्ड्स द्वारा फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी है।
