हावेरी। कर्नाटक के हावेरी शहर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में नाराजगी का माहौल बन गया है। यह घटना महात्मा गांधी रोड पर हुई, जहां कुछ अज्ञात लोगों ने रात के समय गांधी जी की मूर्ति को नुकसान पहुंचाया। दरअसल घटना की जानकारी मिलते ही हावेरी की एसपी यशोदा वंतगोडी और शहर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले का निरीक्षण किया। पुलिस ने करीब 2 फीट ऊंची इस क्षतिग्रस्त प्रतिमा को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है, ताकि आगे की जांच की जा सके। वहीं पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जांच के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, जिस जगह पर यह घटना हुई, वहां का कैमरा बंद पाया गया, जिससे जांच में कुछ दिक्कत आ रही है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी। आपको बता दें की इससे पहले मार्च महीने में उत्तराखंड के श्रीनगर (गढ़वाल) में बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ भी ऐसी ही तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। उस मामले में भी लोगों ने विरोध जताया था और कई संगठनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। फिलहाल हावेरी की इस घटना में पुलिस जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
कर्नाटक: हावेरी में महात्मा गांधी की प्रतिमा खंडित, सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
