मुंबई। फिल्म ‘बोहरूपी- द गोल्डन डाकू’ के नए गाने ‘भूलते पारबे ना’ ने फिल्म की एक्शन और सस्पेंस से भरी कहानी के बीच रोमांस और संगीत का नया रंग पेश किया है। रिलीज हुए इस मधुर गीत में जिशु सेनगुप्ता हारमोनियम बजाते नजर आ रहे हैं, वहीं सोहिनी सरकार के साथ उनकी मौजूदगी गाने में भावनात्मक और आत्मीय माहौल बनाती है। गीत के जरिए फिल्म की कहानी में छिपे रिश्तों और कोमल भावनाओं की झलक देखने को मिलती है।
जिशु सेनगुप्ता ने गाने को अपने दिल के करीब बताते हुए कहा कि ‘भूलते पारबे ना’ फिल्म की दुनिया का एक अलग और शांत पक्ष सामने लाता है। उनके मुताबिक अरमान की आवाज, अनुपम रॉय का संगीत और बोल गीत की भावनाओं को और प्रभावी बनाते हैं। सोहिनी सरकार ने भी इसे फिल्म का बेहद भावुक हिस्सा बताया और कहा कि गाने में झिमली के किरदार और उसकी यात्रा का एक नया पहलू सामने आता है। उनके अनुसार इस खास पल का हिस्सा बनना उनके लिए यादगार अनुभव रहा।
नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी ने कहा कि फिल्म के जरिए एक्शन, सस्पेंस और भव्यता के साथ मानवीय भावनाओं को भी प्रमुखता देने की कोशिश की गई है। ‘भूलते पारबे ना’ इसी रोमांटिक और भावनात्मक पहलू को सामने लाता है। फिल्म में जिशु सेनगुप्ता, शिबोप्रसाद मुखर्जी, कौशानी मुखर्जी, सोहिनी सरकार और प्रदीप भट्टाचार्य अहम भूमिकाओं में हैं। शमिक चक्रवर्ती के अरेंजमेंट और प्रोग्रामिंग से तैयार यह गीत फिल्म की दुर्गा पूजा 2026 रिलीज से पहले दर्शकों को कहानी का एक अलग रंग दिखा रहा है।
