ब्रुसेल्स से जयशंकर का बड़ा संदेश, भारत-EU रिश्तों को मिलेगी नई उड़ान!

Follow Us

ब्रुसेल्स। बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में आयोजित भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल (TTC) की तीसरी बैठक के बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच विश्वास का स्तर इस साझेदारी को और प्रभावी बना रहा है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में जयशंकर ने कहा, “तकनीक के विकास के लिए यह सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें विश्वास का भी बड़ा योगदान है। संयुक्त अनुसंधान, शैक्षणिक परियोजनाओं और अन्य सहयोगात्मक प्रयासों के माध्यम से प्रतिभाओं और विशेषज्ञों की आवाजाही को और मजबूती मिलती है।”

उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल दोनों पक्षों को उभरती प्रौद्योगिकियों, डिजिटल नवाचार, सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखला और अनुसंधान के क्षेत्र में साथ मिलकर काम करने का एक प्रभावी मंच प्रदान करती है। जयशंकर ने इस बात पर जोर दिया कि शैक्षणिक संस्थानों, शोध संगठनों और उद्योगों के बीच बढ़ता सहयोग नई तकनीकों के विकास और नवाचार को गति देगा।

उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त शोध परियोजनाओं से दोनों क्षेत्रों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। भारत और यूरोपीय संघ हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश, डिजिटल तकनीक, हरित ऊर्जा और सेमीकंडक्टर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल की बैठक को दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।