जयपुर । शहर के आदर्श नगर थाना पुलिस ने एक बड़े फ्रॉड का खुलासा करते हुए करोड़ों रुपए के महंगे जवाहरात खरीदकर फरार होने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्यापारियों का विश्वास जीतने के लिए पहले छोटे स्तर पर लेन-देन करता था और फिर विदेश में कारोबार होने का झूठा झांसा देकर बड़ी ठगी को अंजाम देता था। ऐसे देता था ठगी को अंजाम पहचान और गिरफ्तारी: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलजेब खान (24), निवासी सूरजपोल गेट, पहाड़गंज (रामगंज, जयपुर) के रूप में हुई है।
विश्वास जीतने की चाल: आरोपी अच्छे परिवार से ताल्लुक रखने का फायदा उठाकर पहले व्यापारियों से छोटे स्तर पर कारोबार करता और समय पर भुगतान कर उनका भरोसा जीत लेता था। इसके बाद वह खुद का विदेश में बड़ा कारोबार होने का दावा करता था।1.61 करोड़ के नगीनों की ठगी: परिवादी शुजात अंसारी (निवासी एलेक्जेंडर कॉलोनी) ने आदर्श नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने टूरमलीन स्टोन, पन्ना (Emerald), Tanzanite और सुनहेला (Citrine) जैसे महंगे नगीने कुल 1 करोड़ 61 लाख रुपए मूल्य के खरीदे और रकम चुकाए बिना फरार हो गया।सस्ते में माल बेचना: पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी व्यापारियों से मुंहमांगी कीमत पर महंगा माल लेकर उसे आगे बाजार में कम दामों में बेच देता था। मिलने वाली रकम का कुछ हिस्सा व्यापारियों को देकर भरोसा कायम रखता था, जबकि बाकी पैसे अपने महंगे शौक, मौज-मस्ती और पार्टियों पर उड़ा देता था।
पुलिस की विशेष कार्रवाई
आदर्श नगर थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अलजेब खान को दबोच लिया। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने ठगी का माल किसे और कितने में बेचा है। साथ ही, सस्ते दामों में चोरी-छिपे जवाहरात खरीदने वाले अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
