तेहरान/ इस्लामाबाद। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान के गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तान के आधिकारिक दौरे पर इस्लामाबाद पहुंचे हैं। उनके साथ इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान मोमेनी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से अलग-अलग मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों में क्षेत्रीय सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, द्विपक्षीय सहयोग और पश्चिम एशिया के मौजूदा भू-राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा होगी।
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य दोनों पड़ोसी देशों के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक सहयोग को मजबूत करना है। वहीं, पाकिस्तानी मीडिया में यह भी चर्चा है कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल कुछ सकारात्मक संदेश लेकर आया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक, मध्यस्थ देशों की ओर से ईरान को 10 दिन के संभावित युद्धविराम का प्रस्ताव मिला है, जिसके दौरान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की संभावना तलाशने की कोशिश हो सकती है। ऐसे समय में ईरानी गृह मंत्री का पाकिस्तान दौरा पूरे क्षेत्र की कूटनीतिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
