शेयर बाजार में आज ओम पॉवर ट्रांसमिशन की एंट्री बेहद शानदार रही। कंपनी के शेयरों ने 17 अप्रैल को बाजार में मजबूत लिस्टिंग दर्ज की और निवेशकों को पहले ही दिन अच्छा रिटर्न दिया। BSE पर शेयर 181.10 रुपये पर लिस्ट हुए, जो करीब 3.5% प्रीमियम को दर्शाता है। वहीं NSE पर यह 186 रुपये पर लिस्ट हुए, जहां लगभग 6% का प्रीमियम देखने को मिला। लिस्टिंग के तुरंत बाद ही शेयरों में तेजी जारी रही और BSE पर यह 5% की छलांग लगाकर 190.15 रुपये के अपर सर्किट तक पहुंच गए। कंपनी का IPO इश्यू प्राइस 175 रुपये तय किया गया था।

कंपनी का 150.06 करोड़ रुपये का IPO कुल मिलाकर 3.33 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 3.65 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स का 7.06 गुना और रिटेल निवेशकों का 1.54 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया। ओम पॉवर ट्रांसमिशन एक EPC (इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) कंपनी है, जो पावर ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर में काम करती है। कंपनी हाई-वोल्टेज और एक्स्ट्रा हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइनों, सबस्टेशनों और अंडरग्राउंड केबलिंग प्रोजेक्ट्स में विशेषज्ञता रखती है।
IPO से जुटाई गई रकम का उपयोग मशीनरी खरीद, कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा। कंपनी के प्रमोटर्स में कल्पेश धनजीभाई पटेल, कानूभाई पटेल और वसंतकुमार नारायणभाई पटेल शामिल हैं। वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो अप्रैल से दिसंबर 2025 के दौरान कंपनी की आय 276.50 करोड़ रुपये रही और शुद्ध लाभ 23.37 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की कुल आय 281.65 करोड़ रुपये और लाभ 22 करोड़ रुपये रहा, जबकि 38.47 करोड़ रुपये का कर्ज भी दर्ज किया गया।
