आईपीएल प्लेऑफ: CSK की सांसें अटकीं! लखनऊ ने बिगाड़ा खेल, जानें धोनी की टीम कैसे कर सकती है क्वालिफाई

Follow Us

नई दिल्ली। आईपीएल का ग्रुप स्टेज अपने आखिरी और सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जाएंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को हराकर पांच बार की चैंपियन टीम का गणित पूरी तरह उलझा दिया है। इस हार के बाद चेन्नई अंक तालिका में पांचवें से छठे स्थान पर खिसक गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि टूर्नामेंट के इस पड़ाव पर भी अब तक कोई भी टीम आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की नहीं कर सकी है।

चेन्नई के पास फिलहाल 12 मैचों में 12 अंक हैं और उसके अगले दो मुकाबले गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी धाकड़ टीमों से हैं। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए सीएसके को अपने ये दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे ताकि वह 16 अंकों तक पहुंच सके। हालांकि, सिर्फ जीतना ही काफी नहीं होगा, धोनी की सेना को दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। अगर पांचवें नंबर पर मौजूद राजस्थान रॉयल्स अपने बाकी बचे तीनों मैच जीत जाती है, तो सीएसके के लिए दरवाजे बंद हो जाएंगे। वहीं, चौथे नंबर पर काबिज पंजाब किंग्स की एक भी हार चेन्नई के लिए वरदान साबित हो सकती है।

फिलहाल अंक तालिका में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस 16-16 अंकों के साथ टॉप-2 में बनी हुई हैं और उनका अगले दौर में जाना लगभग तय है। सनराइजर्स हैदराबाद 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मजबूती से डटी है। अब देखना यह होगा कि चेन्नई इस मुश्किल चक्रव्यूह को भेदकर टॉप-4 में एंट्री मार पाती है या नहीं।