IPL 2026 फाइनल का काउंटडाउन: फैंस की बढ़ी धड़कनें, पसंदीदा टीम की जीत के लिए प्रार्थनाएं

Follow Us

अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खिताबी जंग होगी। मैच से पहले देशभर से पहुंचे फैंस अपनी पसंदीदा टीम की जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद जता रहे हैं। फाइनल मैच को लेकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में टूर्नामेंट की दो सर्वश्रेष्ठ टीमें आमने-सामने हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होगा और बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम खिताब अपने नाम करेगी। हुबली से आई एक महिला फैन ने बताया कि वह RCB की समर्थक हैं और अपनी टीम की जीत के लिए साईं बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर रही हैं। वहीं बेंगलुरु में क्रिकेट प्रशिक्षण ले रहे एक युवा खिलाड़ी ने कहा कि RCB के पास युवा और फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों का मजबूत समूह है, जिससे टीम की जीत की संभावना अधिक नजर आती है। विराट कोहली के प्रशंसक कार्तिक ने कहा कि दोनों टीमें मजबूत हैं, लेकिन उन्हें RCB का पलड़ा भारी लगता है। कई फैंस का मानना है कि यदि विराट कोहली बड़ी पारी खेलते हैं तो RCB के लिए खिताब जीतने की राह आसान हो सकती है। वहीं कुछ प्रशंसकों का कहना है कि RCB को जीत दर्ज करने के लिए गुजरात टाइटंस के शीर्ष क्रम को जल्द पवेलियन भेजना होगा। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल की शानदार फॉर्म को लेकर भी चर्चा है। फैंस का कहना है कि चाहे कोई भी टीम जीते, लेकिन फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर होना चाहिए और दर्शकों को आखिरी गेंद तक उत्साहित रखे। एक महिला दर्शक ने बताया कि वह पहली बार स्टेडियम में मैच देखने पहुंची हैं और उन्हें उम्मीद है कि मुकाबला यादगार रहेगा। वहीं एक युवा फैन ने विश्वास जताया कि RCB कप्तान रजत पाटीदार और विराट कोहली टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे। गौरतलब है कि RCB ने पिछले सीजन IPL खिताब जीता था, जबकि गुजरात टाइटंस 2022 में चैंपियन बनी थी। ऐसे में दोनों टीमों के पास इस सीजन दूसरी बार ट्रॉफी जीतने का सुनहरा मौका है।