खौफनाक! दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से लूटपाट, कैमरे में कैद हुआ LIVE मंजर

Follow Us

जयपुर।राजस्थान के जयपुर में मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही बुजुर्ग महिला के साथ दिनदहाड़े लूटपाट का सीसीटीवी सामने आया है. जहां एक बदमाश बीच सड़क महिला को बेरहमी से पटककर लाखों रुपए के सोने के आभूषण लूट ले गया.घटना सोडाला थाना क्षेत्र के जमुना नगर की है, जहां 74 साल की संतोष अग्रवाल 2 जून की दोपहर पास के मंदिर में दर्शन करने गई थीं. वह दोपहर करीब 12:40 बजे वह वापस अपने अपार्टमेंट पहुंच रही थीं. जैसे ही वह बिल्डिंग के बाहर पहुंचीं, पीछे से आ रहे एक लुटेरे ने अचानक उन पर हमला बोल दिया

बेखौफ लुटेरे ने बुजुर्ग महिला को जोरदार धक्का देकर पहले सड़क पर औंधे मुंह गिरा दिया. गिरने के बाद भी महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन बदमाश ने बेरहमी दिखाते हुए उनके साथ मारपीट की और जबरन गहने छीनने लगा. दर्द से कराहती और मदद के लिए चीखती महिला की आवाज सुनने वाला उस समय कोई नहीं था, क्योंकि दोपहर के समय सड़क लगभग सुनसान थी. वारदात के दौरान बदमाश ने महिला के कानों में पहने सोने के टॉप्स और गले में पहनी सोने की चेन नोच ली.

बताया जा रहा है कि लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब 4.30 लाख रुपए है. गहने छीनने के बाद आरोपी बेहद शातिर अंदाज में पैदल ही सुशीलपुरा की ओर फरार हो गया. महिला की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकलकर मौके पर पहुंचे, तब तक बदमाश भाग गया. स्थानीय लोगों ने घायल बुजुर्ग महिला को संभाला और पुलिस को सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. फुटेज में आरोपी का हुलिया स्पष्ट नजर आने के बाद पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश में जुट गई है.