चंबा। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम चंबा जिले के चुराह उपमंडल में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बैरागढ़-साच पास-किलाड़ सड़क पर सैलानियों को लेकर जा रही एक एर्टिगा कार अनियंत्रित होकर कई सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के सात सदस्यों और स्थानीय चालक समेत कुल आठ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। गाड़ी पूरी तरह मलबे में तब्दील हो चुकी है और दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू टीम को वहां पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
छत्तीसगढ़ से हिमाचल घूमने आए ये दो परिवार चंबा के डलहौजी के एक होटल में ठहरे हुए थे। 29 मई को वे साच पास की ओर निकले थे, लेकिन जब देर रात तक होटल वापस नहीं लौटे और उनके मोबाइल बंद आने लगे, तो होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस की तलाश के बाद इस हादसे का राज खुला। पीड़ितों में छत्तीसगढ़ निवासी अरविंद, उनकी पत्नी प्राची, दो बेटे दर्श व अपशद, और दूसरे परिवार के पी. जी. कार्तिगहेयन, उनकी पत्नी मणिमाला, बेटा नंदन और डलहौजी का स्थानीय चालक विश्वास शामिल हैं।
चंबा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रेस्क्यू टीमें गहरी खाई में उतरकर लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। चंबा जिले में पर्यटकों के साथ इसी महीने यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। इससे पहले 10 मई को एक अन्य हादसे में गुजरात के 6 पर्यटकों की मौत हो गई थी।
