वाशिंगटन। अमेरिका के फिलाडेल्फिया से एक बेहद दुखद और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां वीकेंड पर अतिरिक्त कमाई के लिए पिज्जा डिलीवरी का काम करने वाले 28 वर्षीय भारतीय युवक अंशुल कुंचा की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मूल रूप से तेलंगाना के रहने वाले अंशुल अमेरिका में एक बड़ी कंपनी में कार्यरत थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार रात अंशुल को एक सुनसान इलाके से पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर मिला था, जो पूरी तरह फर्जी था। जैसे ही वे बताई गई लोकेशन पर पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे एक अज्ञात नकाबपोश हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अंशुल के सिर में कई गोलियां लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि आरोपी फरार हो गया।
अंशुल की बहन तन्वी का आरोप है कि, यह पिज्जा ऑर्डर महज एक जाल था, जिसका मकसद लूटपाट नहीं बल्कि उनके भाई की हत्या करना था। परिवार के अनुसार, अंशुल के पास मौजूद कोई भी सामान या नकदी चोरी नहीं हुई है, जिससे हत्या के इरादे पर गहरे सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना के वक्त इलाके में बैग लिए दो नकाबपोश बंदूकधारियों को देखा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
