शादी की जिद को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा, 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी प्रेमिका, मुंबई में बैठे प्रेमी से ऑनलाइन कराया निकाह

Follow Us

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी एक युवती करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे, जबकि उसका प्रेमी काम के सिलसिले में मुंबई में रह रहा था। युवती ने जब नीचे उतरने से इनकार कर दिया तो पुलिस ने दोनों परिवारों के बीच बातचीत कराई। आखिरकार काजी को बुलाकर मुंबई में मौजूद प्रेमी के साथ युवती का ऑनलाइन निकाह कराया गया। इसके बाद युवती टावर से नीचे उतर आई।मामला मोतीपुर थाना क्षेत्र के चौधरी गांव का है, जहां 23 अक्टूबर को इस घटना के बाद काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बस्थनवा गांव की रहने वाली युवती का अपने ही गांव के नूरुद्दीन के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवारों की असहमति उनके रिश्ते में बाधा बनी हुई थी।

परिवार के विरोध से परेशान युवती ने गुरुवार को चौधरी गांव में लगे बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी की मांग शुरू कर दी। करीब 100 फीट की ऊंचाई पर युवती को देखकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।पुलिस ने युवती को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शादी होने तक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों परिवारों से बातचीत की और उन्हें शादी के लिए राजी करने का प्रयास किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद परिवारों के बीच सहमति बन गई।इसके बाद मौके पर काजी को बुलाया गया। युवती बहराइच में मोबाइल टावर पर थी, जबकि उसका प्रेमी नूरुद्दीन मुंबई में मौजूद था। ऐसे में दोनों का निकाह ऑनलाइन कराने की व्यवस्था की गई। काजी की मौजूदगी में निकाह की रस्म पूरी कराई गई।निकाह की रस्म पूरी होने के बाद पुलिस और वहां मौजूद लोगों ने युवती को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद युवती टावर से नीचे उतर आई। इसके साथ ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।