गुढ़ियारी पुलिस ने दो गुम बालिकाओं को 12 घंटे के भीतर किया सकुशल दस्तयाब

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार को रामनगर क्षेत्र से दो बालिकाओं (जिसमें एक नाबालिग एवं एक बालिग, दोनों सहेली है) के परिजनों द्वारा थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दोनों बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी नॉर्थ ज़ोन द्वारा तत्काल जांच के निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान रायपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दोनों बालिकाएं पुरी जाने वाली ट्रेन में सवार होती हुई दिखाई दीं। इस पर तत्काल जीआरपी से संपर्क स्थापित किया गया। सूचना के दौरान ज्ञात हुआ कि दोनों बालिकाएं बीच रास्ते में ट्रेन बदलकर अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई थीं। लगातार ट्रैकिंग एवं जीआरपी के समन्वय से ट्रेन का पीछा करते हुये अंततः भुसावल रेलवे स्टेशन महाराष्ट्र में जीआरपी के सहयोग से दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया गया।

परिजनों के पहुंचने तक दोनों को सीडब्ल्यूसी में सुरक्षित रखा गया पश्चात उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया गया। प्राथमिक पूछताछ में दोनों बालिकाओं द्वारा बताया गया कि वे बिना बताए घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं और गुमराह करने के लिए बार-बार ट्रेन बदल रही थीं। इस सफल कार्यवाही के लिए क्षेत्रीय पार्षद भोलाराम साहू एवं परिजनों द्वारा रायपुर कमिश्नरेट तथा थाना गुढ़ियारी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।