अश्लील कंटेंट पर सरकार का बड़ा वार: 50 ओटीटी ऐप्स पर लगा प्रतिबंध; डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को सख्त चेतावनी

Follow Us

नई दिल्ली। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री के खिलाफ केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 ओटीटी ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी सार्वजनिक पहुंच रोकने के निर्देश जारी किए हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने लोकसभा में जानकारी देते हुए बताया कि, इन ऐप्स पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) नियम, 2021 के तहत कार्रवाई की गई है।

जांच के दौरान पाया गया कि, कुछ प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित फिल्में और वेब सीरीज ऐसी सामग्री दिखा रही थीं, जो भारतीय कानूनों और डिजिटल मीडिया नियमों के अनुरूप नहीं थी। सरकार के अनुसार, इन ऐप्स का इस्तेमाल ज्यादा ट्रैफिक जुटाने और सब्सक्रिप्शन के जरिए कमाई बढ़ाने के लिए आपत्तिजनक कंटेंट उपलब्ध कराने में किया जा रहा था। इसी को देखते हुए संबंधित प्लेटफॉर्म्स पर रोक लगाने का फैसला लिया गया।

हालांकि, सरकार ने प्रतिबंधित किए गए 50 ओटीटी ऐप्स के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। वहीं, इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (आईएसपी) को इन ऐप्स की पहुंच ब्लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से भी संबंधित ऐप्स हटाने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर गैरकानूनी और आपत्तिजनक सामग्री के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। हालिया आईटी नियमों के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और अन्य इंटरमीडियरी को अधिकृत निर्देश मिलने के बाद तय समय में अवैध कंटेंट हटाना जरूरी होगा।