Gold ETF का उछाल: 31,561 करोड़ का निवेश, 1 साल में 64% रिटर्न ने बढ़ाई निवेशकों की दिलचस्पी

Follow Us

साल 2026 की पहली तिमाही में गोल्ड ETF निवेश ने नया रिकॉर्ड बनाया है। जनवरी से मार्च के बीच निवेशकों ने गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (Gold ETFs) में करीब 31,561 करोड़ रुपये डाले, जो पिछली तिमाही से 36% ज्यादा है। यही नहीं, यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में लगभग छह गुना बढ़ा है, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है।

वैश्विक अनिश्चितता, भू-राजनीतिक तनाव और शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशक सोने को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं। इसी वजह से Gold ETFs ने पिछले एक साल में करीब 64% तक का शानदार रिटर्न दिया है। निवेश बढ़ने के पीछे दो बड़े कारण माने जा रहे हैं-पहला, पोर्टफोलियो रीबैलेंसिंग और दूसरा, सोने की कीमतों में लगातार तेजी। इसके अलावा, डिजिटल तरीके से निवेश की सुविधा ने भी लोगों को आकर्षित किया है।

निवेशकों की संख्या में भी बड़ा उछाल आया है-मार्च 2025 में जहां 69.69 लाख फोलियो थे, वहीं मार्च 2026 तक यह बढ़कर 1.24 करोड़ हो गए। Gold ETF एक ऐसा निवेश विकल्प है, जो सोने की कीमतों से जुड़ा होता है, लेकिन इसमें फिजिकल गोल्ड रखने की जरूरत नहीं होती। इसे NSE और BSE पर शेयर की तरह खरीदा-बेचा जा सकता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि, कुल निवेश का 10–15% हिस्सा ही सोने में लगाना चाहिए, ताकि जोखिम कम रहे और पोर्टफोलियो संतुलित बना रहे।