बॉबी से डंकी तक फिल्मों की पसंदीदा लोकेशन, मध्य प्रदेश का भेड़ाघाट जहां विदेशी नजारे भी पड़ जाते हैं फीके

Follow Us

नई दिल्ली। भारत में कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जिनकी प्राकृतिक सुंदरता किसी विदेशी पर्यटन स्थल से कम नहीं है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित भेड़ाघाट ऐसी ही एक अद्भुत जगह है, जहां संगमरमर की ऊंची चट्टानें, नर्मदा नदी का प्रवाह और धुआंधार जलप्रपात पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं। भेड़ाघाट अपनी 100 फीट ऊंची संगमरमर की चट्टानों के लिए मशहूर है। नर्मदा नदी के तेज बहाव ने इन चट्टानों के बीच करीब 5 किलोमीटर लंबी खूबसूरत घाटी तैयार की है। सूरज की रोशनी में सफेद संगमरमर की चट्टानें अलग-अलग रंगों में चमकती नजर आती हैं, जबकि चांदनी रात में इनकी खूबसूरती और भी बढ़ जाती है।

नर्मदा ने तराशी खूबसूरत संगमरमर घाटी

भूगोल के लिहाज से भी भेड़ाघाट बेहद खास माना जाता है। यहां मौजूद संगमरमर की चट्टानें लाखों-करोड़ों साल पुराने प्राकृतिक बदलावों का परिणाम हैं। इस क्षेत्र में मैग्नीशियम युक्त मुलायम पत्थर पाए जाते हैं, जिन्हें मार्बल के रूप में जाना जाता है। इस इलाके में डायनासोर के अंडे मिलने के प्रमाण भी सामने आ चुके हैं।

धुआंधार जलप्रपात है मुख्य आकर्षण

भेड़ाघाट का धुआंधार वॉटरफॉल पर्यटकों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। यहां नर्मदा नदी ऊंचाई से तेज गति से गिरती है, जिससे पानी की बूंदें धुएं जैसी दिखाई देती हैं। जलप्रपात की गर्जना दूर तक सुनाई देती है और इसका दृश्य बेहद मनमोहक लगता है।

बॉलीवुड की पसंदीदा शूटिंग लोकेशन

भेड़ाघाट की खूबसूरती ने बॉलीवुड को भी आकर्षित किया है। शाहरुख खान और तापसी पन्नू की फिल्म ‘डंकी’ में यहां के खूबसूरत दृश्य दिखाए गए हैं। इसके अलावा Bobby, Mohenjo Daro और Jis Desh Mein Ganga Behti Hai जैसी फिल्मों की शूटिंग भी यहां हो चुकी है।

चौंसठ योगिनी मंदिर और बैलेंसिंग रॉक्स

भेड़ाघाट में स्थित चौंसठ योगिनी मंदिर भी पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। नर्मदा नदी के ऊपर पहाड़ी पर बने इस प्राचीन मंदिर में 64 योगिनियों की मूर्तियां स्थापित हैं। इसके अलावा यहां मौजूद बैलेंसिंग रॉक्स प्रकृति का अनोखा चमत्कार माने जाते हैं। विशाल पत्थरों की ये संरचनाएं अपने संतुलन के कारण लोगों को हैरान करती हैं।

कैसे पहुंचें भेड़ाघाट?

भेड़ाघाट पहुंचना काफी आसान है। जबलपुर शहर से यह करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां सड़क मार्ग से आसानी से पहुंचा जा सकता है। जबलपुर रेलवे स्टेशन और डुमना एयरपोर्ट से भी भेड़ाघाट तक पहुंचने की सुविधा उपलब्ध है।