परिवार की सुरक्षा और पुलिस की भूमिका की हो निष्पक्ष जाँच: पूर्व वायु योद्धा परवेज आलम ने सरकार से की मांग
रांची। लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के चंडू गांव निवासी पूर्व वायु योद्धा एवं कारगिल युद्ध में ऑपरेशन विजय मेडल प्राप्त परवेज आलम ने अपने घर पर कथित हमले, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस द्वारा लगभग 16 घंटे तक हिरासत में रखे जाने के मामले में झारखंड सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मुख्य सचिव को आवेदन देकर पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।आवेदन के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे गांव के हुसैन खान पर घर में घुसकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। परवेज आलम का दावा है कि इसके बाद कुछ अन्य लोगों ने घर के गेट को क्षतिग्रस्त कर पत्थरबाजी की तथा दरवाजे-खिड़कियों और वाहन को नुकसान पहुंचाया। घटना के समय उनकी पत्नी और बच्चे घर में मौजूद थे। उन्होंने रात में परिजनों के घरों पर भी हमले की कोशिश का आरोप लगाया है।परवेज आलम ने पुलिस पर उन्हें करीब 16 घंटे थाने में रखने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए हिरासत के दस्तावेज, लॉकअप रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है।उन्होंने मुख्यमंत्री, डीजीपी, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और मानवाधिकार आयोग से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों की पहचान कर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की अपील की है।
