दिल्ली | अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की रिकॉर्ड तोड़ रैली पर गुरुवार को अचानक ब्रेक लग गया। दावोस में विश्व आर्थिक मंच की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के बाद ग्रीनलैंड को लेकर जारी भू-राजनीतिक तनाव कम होने के संकेतों और डॉलर में लौटी मजबूती के चलते निवेशकों ने सुरक्षित निवेश से कदम पीछे खींच लिए हैं। पूरी दुनिया में हुई इस बिकवाली का सीधा असर भारतीय बाजारों पर भी देखने को मिला। 22 जनवरी 2026 को गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ETFs) में भी भारी गिरावट दर्ज की गई और ये 15% तक फिसल गए। तीन दिनों की लगातार तेजी के बाद सोने और चांदी की कीमतों में यह करेक्शन बाजार के सेंटिमेंट में आए बदलाव को दर्शाता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरे सोने-चांदी के दाम
तीन दिन की तेजी के बाद सोना करीब एक प्रतिशत तक फिसला, जबकि चांदी भी रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आई। स्पॉट गोल्ड 0.8% गिरकर 4,799.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि पिछले सत्र में यह 4,887.82 डॉलर के ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा था। फरवरी डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.6% गिरकर 4,806.60 डॉलर प्रति औंस रहे। वहीं स्पॉट सिल्वर 0.9% की गिरावट के साथ 92.38 डॉलर प्रति औंस पर आ गई, जबकि मंगलवार को यह 95.87 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर थी।
सिल्वर ETFs में आई 15 फीसदी की गिरावट
सिल्वर ETFs की बात करें तो टाटा सिल्वर फंड 15% टूटा घरेलू बाजार में अंतरराष्ट्रीय संकेतों का सबसे गहरा असर सिल्वर एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ETFs) पर पड़ा है। 22 जनवरी, 2026 को सुबह 10:33 बजे तक सिल्वर ईटीएफ में जबरदस्त बिकवाली देखी गई।
निप्पॉन इंडिया, मिराए एसेट शेयरखान, आदित्य बिड़ला सन लाइफ और बंधन सिल्वर ईटीएफ लगभग 12% तक लुढ़क गए। इन सिल्वर ईटीएफ में 11% से अधिक की कमजोरी देखी गई, जबकि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल और डीएसपी सिल्वर ईटीएफ 10% तक टूट गए।
गोल्ड ETFs की क्या रही स्थिति?
गोल्ड ETFs में भी भारी बिकवाली चांदी की तरह सोने के ईटीएफ भी इस गिरावट से अछूते नहीं रहे और निवेशकों ने भारी बिकवाली की। आदित्य बिड़ला सन लाइफ गोल्ड ईटीएफ 10% से अधिक नीचे फिसला। एक्सिस और टाटा गोल्ड ईटीएफ 9% से ज्यादा की गिरावट आई। निप्पॉन, एलआईसी और डीएसपी जैसे गोल्ड ईटीएफ में 8% से अधिक की गिरावट रही, जबकि बंधन गोल्ड ईटीएफ 7% नीचे आया।
घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमत
देश के घरेलू बाजार में एमसीएक्स पर बुधवार को सोने और चांदी में मिला-जुला रुख रहा।
- एमसीएक्स गोल्ड 2,551 रुपये या 1.69% की तेजी के साथ 1,53,116 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सोने ने 1,58,475 रुपये का नया रिकॉर्ड स्तर भी छुआ।
- एमसीएक्स सिल्वर 7,171 रुपये या 2.22% टूटकर 3,16,501 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। चांदी ने सत्र के दौरान 3,35,521 रुपये प्रति किलो का नया लाइफटाइम हाई छुआ था।