दिल्ली में बारिश से उड़ान सेवा प्रभावित, इंडिगो एयरलाइंस ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी; यात्रियों को मिले देरी के अलर्ट

Follow Us

नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने से मौसम सुहावना हो गया, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने से लोगों की परेशानी भी बढ़ गई. खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पडऩे की आशंका है. इसे देखते हुए एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए संभावित उड़ान देरी को लेकर अलर्ट किया है।

शनिवार सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. साउथ एवेन्यू समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पालम, जाफरपुर, लोधी रोड, सफदरजंग और रिज इलाके में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक भी देखी गई. मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली में सामान्य रूप से बादल छाए रहने और दिनभर मध्यम बारिश की संभावना जताई है. सुबह 8:30 बजे राजधानी का तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और पिछले कुछ दिनों से जारी गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है।

बच्चों को नशे और अत्यधिक स्क्रीन टाइम से बचाने में शिक्षक निभाएं अहम भूमिका : प्रधानमंत्री मोदी

हालांकि, बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली. गीता कॉलोनी और अकबर रोड समेत कई स्थानों पर सड़कों पर बारिश का पानी जमा हो गया. इससे वाहनों की रफ्तार प्रभावित हुई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. दिल्ली के अलावा एनसीआर के कई इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिला. गुरुग्राम की प्रमुख सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ. कई जगह वाहनों की आवाजाही धीमी रही, जिससे दैनिक यात्रियों को परेशानी हुई।

इससे पहले शुक्रवार दोपहर दिल्ली के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी पड़ा था. खराब मौसम के चलते अहमदाबाद, मुंबई और पोर्ट ब्लेयर समेत विभिन्न शहरों से दिल्ली पहुंचने वाली कई घरेलू उड़ानों में देरी हुई थी. एयरपोर्ट पर जलभराव को लेकर एक कर्मचारी ने भी चिंता जताई. तीन साल से एयरपोर्ट पर काम कर रहे गोविंदा पांडे ने कहा कि उन्होंने परिसर में इस तरह का जलभराव पहले कभी नहीं देखा. उन्होंने आशंका जताई कि नाला जाम होने के कारण पानी जमा हुआ हो सकता है और कहा कि एयरपोर्ट की छवि को नुकसान से बचाने के लिए बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. बारिश और खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें और अपनी उड़ान का ताजा स्टेटस जांचने के बाद ही यात्रा करें।