अक्षय ओबेरॉय की ‘लव लॉटरी’ का फर्स्ट लुक जारी, इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

Follow Us

मुंबई। अभिनेता अक्षय ओबेरॉय आने वाले दिनों में कई फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाओं के साथ नजर आने वाले हैं। वह यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ में विलेन टोनी का किरदार निभाएंगे, जबकि शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ में भी उनकी अहम भूमिका बताई जा रही है। इसी बीच अक्षय की आगामी फिल्म ‘लव लॉटरी’ को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। फिल्म का पहला पोस्टर जारी करने के साथ इसकी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है।कोर्टरूम ड्रामा और सस्पेंस का दिखेगा मेल। ‘लव लॉटरी’ को कोर्टरूम ड्रामा, मर्डर मिस्ट्री और सस्पेंस थ्रिलर के मिश्रण के तौर पर पेश किया गया है। फिल्म का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है, जबकि इसके निर्माता कुलदीप भार्गव उर्फ तुषार हैं। फिल्म की कहानी पुरुष अधिकारों के मुद्दे के इर्द-गिर्द बुनी गई है और इसे एक सच्ची घटना से प्रेरित बताया गया है।

अक्षय और हेली की दिखी पहली झलक। फिल्म में अक्षय ओबेरॉय मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि हेली दारूवाला उनके साथ मुख्य अभिनेत्री के तौर पर दिखाई देंगी। जारी किए गए पोस्टर में दोनों कलाकारों की पहली झलक देखने को मिली है, जिसने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। 18 सितंबर को रिलीज होगी ‘लव लॉटरी’। निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। यह फिल्म 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। कोर्टरूम ड्रामा, मर्डर मिस्ट्री और सस्पेंस के मिश्रण के चलते फिल्म से दर्शकों को एक अलग तरह की कहानी की उम्मीद है।