रायपुर। राजधानी रायपुर में निराश्रित पेंशन धारकों को कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने का दावा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बुजुर्गों को विगत 3-5 महीनों से पेंशन नहीं मिला है। जिससे बुजुर्ग लगातार परेशान हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 60 से 79 वर्ष के वृद्धजनों को प्रतिमाह 500 रूपए और 80 वर्ष या उससे ऊपर वाले वृद्धजनों को राज्य सरकार के द्वारा प्रतिमाह 650 रूपए दिया जाता है। पर इस योजना का लाभ जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है। सूत्र बताते हैं कि तीन से चार माह में केवल एक माह का पैसा आता है। कई बार 400 रुपया भी भेजा जाता है। जो नियम के विरुद्ध है। सरकार की योजनाओं का लाभ हमें नहीं मिल पा रहा है। प्रशासन दावा करती है कि वृद्धा पेंशन योजना के अंतर्गत राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश की बुजुर्गों को पेंशन समय पर दिया जाता है। लेकिन रायपुर से आए ताजा मामला ने प्रशासन की कलाई ख़ोल दी है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर रायपुर के बुजुर्गों को पेंशन क्यों नहीं मिल पा रहा है। जब प्रदेश के राजधानी की ऐसी हालत है तो अन्य जिलों में स्थिति क्या होगी इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।
पेंशन नहीं मिलने से आर्थिक स्थिति खराब
पेंशन हितग्राही नरहरि ठंडी ने बताया कि कई दिनों से पेंशन नहीं मिलने से आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। संबंधित अधिकारी उल्टी सीधी बात कहकर घुमाते है। हमारे पास अपनी दवाई तक खरीदने के पैसे नहीं हैं। सरकारी राशन दुकान से चावल मिलता है. उस आधे चावल को बेचकर गुजारा करना पड़ता है।
कई महीनों से पेंशन नहीं मिला
पेंशन हितग्राही शत्रुहन सागर ने बताया कि बहुत मुश्किल से गुजारा हो रहा है। कभी डिबीटी कराओ कहकर या कभी पैसा नहीं आया है कहकर हमें घुमा देते हैं। अगर लिस्ट में 4 महीने का पेंशन स्वीकृत हुआ होता है तो सिर्फ 1 महीने का ही दिया जाता है। अब तो कई महीनों से हमें पेंशन नहीं मिला है क्या करे कुछ समझ नहीं आ रहा है।
कागजों में ही सारे वादे गोल-गोल घूम रहे
रायपुर नगर पालिका निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह वार्ड, शंकर नगर वार्ड ,रवि शंकर शुक्ला वार्ड के निवासियों को निराश्रित का पैसा नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में ये बुजुर्ग कहां जाएंगे। ट्रिपल इंजन की सरकार का गुणगान किया जा रहा है। कागजों में ही सारे वादे गोल-गोल घूम रहे हैं और धरातल पर यह स्थिति विपरीत है।
व्यवस्था सुधारने का प्रयास जारी
नगर निगम की अपर आयुक्त कृष्णा खटीक ने बताया कि समाज कल्याण विभाग से राशि नहीं मिल पाई है। व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया जा रहा है।
