डॉ. विनय प्रकाश सिंह लगातार दूसरी बार एशियाई-प्रशांत डाक संघ के महासचिव निर्वाचित

Follow Us

बैंकॉक में आयोजित 14वें सम्मेलन में निर्विरोध हुआ पुनर्निर्वाचन, जनवरी 2027 से दिसंबर 2030 तक संभालेंगे पद

नई दिल्ली । भारतीय डाक सेवा के 1988 बैच के अधिकारी डॉ. विनय प्रकाश सिंह को एशियाई-प्रशांत डाक संघ के महासचिव के रूप में लगातार दूसरी बार चार वर्ष के कार्यकाल के लिए निर्वाचित किया गया है। 4 सितंबर 2026 को बैंकॉक में आयोजित संघ के 14वें सम्मेलन में उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उनका दूसरा कार्यकाल जनवरी 2027 से शुरू होकर दिसंबर 2030 तक चलेगा।डॉ. सिंह का पुनर्निर्वाचन एशिया-प्रशांत क्षेत्र के डाक प्रशासनों के बीच उनके नेतृत्व के प्रति विश्वास और सर्वसम्मति को दर्शाता है। साथ ही, यह अंतरराष्ट्रीय डाक सहयोग में भारत के महत्वपूर्ण योगदान की भी मान्यता है।

डाक सेवाओं के विकास और आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका
डॉ. सिंह का पुनर्निर्वाचन ऐसे समय में हुआ है, जब एशियाई-प्रशांत डाक संघ क्षेत्र में डाक सहयोग को मजबूत करने और डाक सेवाओं के विकास एवं आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बैंकॉक स्थित यह संघ 32 सदस्य देशों का अंतर-सरकारी संगठन है। यह संयुक्त राष्ट्र की डाक क्षेत्र की विशेष एजेंसी, सार्वभौमिक डाक संघ के क्षेत्रीय संघ के रूप में कार्य करता है।

वर्ष 2022 में आयोजित 13वें एशियाई-प्रशांत डाक संघ सम्मेलन में पहली बार महासचिव चुने जाने के बाद डॉ. सिंह ने जनवरी 2023 में पदभार संभाला था। अपने पहले कार्यकाल के दौरान उन्होंने सदस्य देशों के डाक प्रशासनों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने तथा पूरे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में डाक सेवाओं के विकास और आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।दूसरा कार्यकाल उन्हें क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करने तथा डाक क्षेत्र से जुड़ी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा।

सात्विक-चिराग की ऐतिहासिक जीत, फाइनल में चीनी जोड़ी को हराकर जीता चाइना मास्टर्स

भारत सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर दी सेवाएं
तीन दशकों से अधिक लंबे प्रशासनिक करियर में डॉ. विनय प्रकाश सिंह ने भारत सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वे डाक सेवा बोर्ड के सदस्य, डाक विभाग में वरिष्ठ उप महानिदेशक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी, उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल के मुख्य डाक महाध्यक्ष तथा इंडिया पोस्ट मुख्यालय में मुख्य महाप्रबंधक जैसे पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।इसके अलावा उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग, अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम तथा सेना डाक सेवा कोर में भी कार्य किया है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां
डॉ. सिंह एक प्रख्यात शिक्षाविद भी हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से आधुनिक इतिहास में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। इसके अलावा उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली से प्रबंधन में पीएचडी की उपाधि हासिल की है।डाक विभाग ने डॉ. विनय प्रकाश सिंह को एशियाई-प्रशांत डाक संघ के महासचिव के रूप में लगातार दूसरी बार निर्वाचित होने पर बधाई दी है और उनके दूसरे कार्यकाल के सफल एवं प्रभावशाली होने की कामना की है।