दिल्ली में सरकार गठन पर मंथन ,शिवकुमार ने सिद्धारमैया को बताया मार्गदर्शक, लिखा भावुक संदेश

Follow Us

कर्नाटक । कर्नाटक की राजनीति में सत्ता परिवर्तन की तस्वीर अब लगभग साफ होती दिख रही है। मुख्यमंत्री पद से सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में नए नेतृत्व और मंत्रिमंडल के गठन को लेकर तेज हलचल शुरू हो गई है। अब कांग्रेस विधायक दल की बैठक में अगले सीएम के चुनाव की औपचारिकता होगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया की सार्वजनिक जीवन यात्रा की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। खरगे ने उनके लंबे राजनीतिक करियर और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि सिद्धारमैया का जीवन हमेशा सम्मान, करुणा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया ने एक साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया। उन्होंने दो बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और इस दौरान हमेशा समानता, सामाजिक सद्भाव और वंचित वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी। अपने संदेश के अंत में मल्लिकार्जुन खरगे ने सिद्धारमैया के अच्छे स्वास्थ्य और उनके भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया आगे भी जनता की सेवा करते रहेंगे और उनका अनुभव समाज के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के लंबे राजनीतिक सफर और उनके योगदान को याद किया है। शिवकुमार ने सिद्धारमैया के नेतृत्व, संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की खुलकर सराहना की है।

डीके शिवकुमार ने अपने संदेश में कहा कि ईश्वर किसी को वरदान या अभिशाप नहीं देता, बल्कि अवसर देता है। असली महत्व इस बात का होता है कि हम उन अवसरों का उपयोग कैसे करते हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया का जीवन इस विचार का जीवंत उदाहरण है, जिन्होंने एक साधारण गांव से निकलकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया।

डीके शिवकुमार ने उम्मीद जताई कि सिद्धारमैया का मार्गदर्शन आगे भी पार्टी और राज्य दोनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के विकास और जनकल्याण के लिए यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी। अपने संदेश के अंत में शिवकुमार ने एक प्रेरक विचार साझा करते हुए कहा कि अगर आपको तेजी से चलना है तो अकेले चलिए, लेकिन अगर दूर तक जाना है तो साथ चलिए। उन्होंने कहा कि वे इस साझा यात्रा को आगे भी जनता की भलाई के लिए जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।