नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित गांव प्रोग्राम 2026 के प्रतिभागियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, विशेषकर Gen-Z की भूमिका को राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भारत में सामूहिकता और जनभागीदारी की मजबूत परंपरा रही है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में शामिल MY भारत के युवा प्रतिभागी दिव्यांशु जोशी ने प्रधानमंत्री को भरोसा दिलाया कि देश की Gen-Z विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी, सभी MY भारत वॉलंटियर्स की ओर से मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि विकसित भारत का जो विजन आपने देखा है और हमें सौंपा है, उसे पूरा करने के लिए Gen-Z पूरी तरह समर्पित रहेगी।”
दिव्यांशु जोशी ने Gen-Z की नई परिभाषा बताते हुए कहा कि उनके लिए इसका अर्थ राष्ट्र-निर्माण, चरित्र-निर्माण, सेवा और नवाचार (Innovation) है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए ‘Nation First’ की भावना सर्वोपरि है। उन्होंने यह भी बताया कि सीमावर्ती गांवों के दौरे के दौरान युवाओं ने अपने अनुभव दर्ज किए हैं, जिन्हें जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट के रूप में प्रधानमंत्री के साथ साझा किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, MY भारत के माध्यम से संचालित विकसित गांव प्रोग्राम 2026 का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों को विकसित भारत अभियान का सक्रिय भागीदार बनाना है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन पर आधारित है, जिसमें सीमावर्ती गांवों को देश के ‘पहले गांव’ के रूप में विकसित करने की सोच शामिल है।
यह कार्यक्रम दो चरणों में 4 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित किया गया। इसमें लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 सीमावर्ती गांवों को शामिल किया गया। PMO के अनुसार, देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 400 से अधिक युवाओं का चयन राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया, जिसमें 3 लाख से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया।
