मुंबई। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। एफडीए और नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने 24 से 29 अगस्त के बीच तुर्भे इलाके में कार्रवाई कर 76.51 लाख रुपये से अधिक का खाद्य सामान जब्त किया है।
4,942 कार्टन खाद्य सामान जब्त
अधिकारियों के मुताबिक, एम/एस साधना इंटरप्राइजेज में नामी कंपनियों के खाद्य उत्पादों को जमा करने, दोबारा पैक करने और उनके लेबल में अवैध तरीके से बदलाव करने का काम चल रहा था। आरोप है कि पुराने निर्माण और एक्सपायरी डेट मिटाकर नई तारीखें छापी जाती थीं। साथ ही पुराने सामान पर नए स्टीकर लगाकर उसे दोबारा बेचने की तैयारी की जाती थी। अधिकारियों ने 75,21,269 रुपये कीमत के 4,942 कार्टन खाद्य सामान जब्त किए। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये से अधिक के बिना लेबल वाले और एक्सपायरी हो चुके खाद्य पदार्थ भी मिले।
एनएचएआई टोल घोटाला: करोड़ों की फर्जी वसूली पर ईडी की 14 ठिकानों पर बड़ी छापेमारी
दिल्ली, नोएडा व मुंबई की 10 कंपनियों के उत्पाद
एफडीए के मुताबिक, छापे के दौरान मुंबई, नई दिल्ली और नोएडा की 10 प्रमुख कंपनियों से जुड़े उत्पाद मिले। जब्त सामान में वेफर्स और आलू चिप्स, नूडल्स, सूप, मेयोनीज और प्रमुख शीतल पेय कंपनियों के पैकेट व डिब्बे शामिल हैं। कुछ उत्पादों के नमूने भी लिए गए। कार्रवाई के बाद प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया गया।
ब्लिंकिट का लाइसेंस रद्द
एफडीए ने स्वच्छता खामियों के चलते अकोला स्थित ब्लिंकिट और मुंबई के रेस्टोरेंट के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए। मलाड में दिल्ली स्वीट एंड भेलपुरी हाउस, कुर्ला में गुलजार मोहम्मदी होटल और ब्लिंकिट के अकोला केंद्र की अचानक जांच में गंदे नालों के पास खाद्य सामग्री रखी मिली। कई जगह कॉकरोच भी पाए गए। अकोला में दोबारा जांच के दौरान खराब भंडारण, अनुपयुक्त रैक समेत पहले दिए गए सुधार नोटिस में बताई गई खामियां दूर नहीं की गई थीं।
