दिल्ली शर्मसार: शोर-शराबे का विरोध करने पर मणिपुर के रिटायर्ड शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या, नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में शोर-शराबे का विरोध करने पर मणिपुर के रहने वाले 54 वर्षीय रिटायर्ड संगीतकार और म्यूजिक शिक्षक चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

किलोकरी गांव में हुआ विवाद: घटना दिल्ली के किलोकरी गांव की है, जहां विक्रम सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, उनके घर के सामने कुछ डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारी कथित तौर पर शोर-शराबा और हंगामा कर रहे थे। विक्रम सिंह ने इसका विरोध किया और घर से नीचे आकर उन्हें ऐसा करने से रोकने की कोशिश की।

विरोध के बाद हुआ हमला: आरोप है कि शोर-शराबे को लेकर हुए विवाद के बाद वहां मौजूद लोगों ने विक्रम सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें मुक्कों और घूंसों से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार: घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें नाबालिग भी शामिल हैं। नाबालिग आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई, हमले में कितने लोग शामिल थे और प्रत्येक आरोपी की क्या भूमिका थी। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।