रायपुर में सफाई मित्रों के लिए व्यापक स्वास्थ्य अभियान: एमएमयू के विशेष शिविर से मिली बड़ी राहत

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 2 में कार्यरत सफाई मित्रों एवं स्वच्छता दीदियों के लिए तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU-03) एवं दाई दीदी क्लीनिक (MMU- 02) टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

यह शिविर छत्तीसगढ़ शासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच, उपचार एवं जागरूकता सुनिश्चित करना है। इस पहल के तहत सभी शहरी निकायों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मियों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
शिविर के दौरान सफाई मित्रों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सामान्य जांच जैसे ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन आदि के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए उन्नत जांचें भी निःशुल्क की गईं। इनमें हीमोग्लोबिन (Hb), HbA1c, थायरॉइड प्रोफाइल (T3, T4, TSH), लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT), रीनल फंक्शन टेस्ट (RFT) सहित अन्य जांचें शामिल रहीं। मोबाइल मेडिकल यूनिट में उपलब्ध लगभग 41 प्रकार की जांचों के माध्यम से मौके पर ही सभी आवश्यक परीक्षण किए गए।

इसके अतिरिक्त, शिविर में 130 प्रकार की आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं। शरीर में दर्द, खांसी-जुकाम, त्वचा संबंधी समस्याएं, सिरदर्द, ब्लड प्रेशर एवं शुगर जैसी सामान्य बीमारियों का तत्काल उपचार किया गया। शिविर की विशेषता यह रही कि इसमें केवल उपचार ही नहीं, बल्कि सफाई मित्रों के लिए जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए। उन्हें बताया गया कि कार्य के बाद व्यक्तिगत स्वच्छता कैसे बनाए रखें, संक्रमण से कैसे बचें और सफाई कार्य करते समय खुद को सुरक्षित कैसे रखें। साथ ही, उन्हें संतुलित आहार लेने, भोजन से पहले शरीर की सफाई करने तथा तंबाकू, गुटखा एवं अत्यधिक चाय सेवन जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहने की सलाह दी गई।
ज्ञात हो कि सफाई मित्र एवं स्वच्छता दीदियां शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह इस प्रकार के शिविरों का आयोजन किया जाना एक सराहनीय कदम है। इसके साथ ही, स्लम क्षेत्रों में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स ने उन लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहद आसान बना दिया है, जो रोजाना अस्पताल नहीं जा सकते। अब उन्हें अपने ही क्षेत्र में निःशुल्क जांच, इलाज और परामर्श की सुविधा मिल रही है। स्थानीय लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सेवाओं से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। समय पर जांच और उपचार मिलने से उनकी कार्यक्षमता बढ़ी है और जीवन स्तर में सुधार हुआ है।