शिंदे गुट के दो नेताओं में भिड़ंत, CCTV में कैद हुई मारपीट; घूंसे-लात चलने से फटे कपड़े

Follow Us

मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) के अंदर चल रही खींचतान के बीच घाटकोपर में दो प्रमुख नेताओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे से हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, घाटकोपर पूर्व के वार्ड नंबर 125 के नगरसेवक सुरेश आवले और विधानसभा प्रमुख यशवंत मोरे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। पूरी घटना सुरेश आवले के कार्यालय के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों नेताओं के बीच तनाव चल रहा था। हालांकि, विवाद की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी संगठन में हाल ही में हुई कुछ नियुक्तियों को लेकर दोनों नेताओं के बीच नाराजगी थी। इसी मुद्दे को लेकर यशवंत मोरे कथित तौर पर सुरेश आवले से जवाब मांगने पहुंचे थे। वायरल वीडियो में कुछ लोग दोनों नेताओं को समझाने और शांत कराने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, मामला शांत होने के बजाय बढ़ गया और दोनों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान सुरेश आवले के कपड़े तक फट गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों नेताओं को शांत कराया। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताया है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।