Burger Video विवाद के बाद CJP का बड़ा एक्शन, विजेता दहिया को मुख्य प्रवक्ता पद से हटाया

Follow Us

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर संसद मार्च के दौरान सामने आए बर्गर खाते हुए वीडियो को लेकर विवादों में घिरी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने मुख्य प्रवक्ता विजेता दहिया के खिलाफ कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें मुख्य प्रवक्ता पद से हटा दिया है। इसके साथ ही विजेता दहिया को पार्टी के सभी आधिकारिक दायित्वों से भी मुक्त कर दिया गया है। CJP ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर बयान जारी करते हुए विजेता दहिया के व्यवहार की आलोचना की। पार्टी ने कहा कि जिस समय शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और पार्टी की टीम पुलिस कार्रवाई का सामना कर रही थी, उसी दौरान सामने आया उनका वीडियो बेहद असंवेदनशील था।

पार्टी ने अपने बयान में कहा कि ऐसा आचरण संगठन के मूल्यों और आंदोलन के उद्देश्य के खिलाफ है। CJP के मुताबिक, विजेता दहिया का व्यवहार जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की कमी को दर्शाता है, जिसके कारण उन्हें मुख्य प्रवक्ता पद से हटाने का फैसला लिया गया। दरअसल, CJP नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, जिसके दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कार्रवाई की और कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

इसी बीच विजेता दहिया का बर्गर खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने सवाल उठाया कि जब प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई झेल रहे थे, उस समय इस तरह का व्यवहार उचित नहीं था। मामले को लेकर विपक्षी नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी। शिवसेना (UBT) की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए विजेता दहिया के वीडियो पर सवाल उठाए थे। अब CJP की कार्रवाई के बाद विजेता दहिया का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि आंदोलन के दौरान अनुशासन और संगठन की छवि को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा।