CJI की टिप्पणी पर CJP का पलटवार, सौरव दास बोले- ‘ऐसे लोग लोकतंत्र पर धब्बा हैं’

Follow Us

नई दिल्ली। छात्र प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की कथित कार्रवाई से जुड़ी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा तत्काल सुनवाई से इनकार के बाद सियासत तेज हो गई है। CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सुप्रीम कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने प्रदर्शन से जुड़े मामले में तत्काल सुनवाई की मांग खारिज कर दी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा, “आप हमारा और अपना समय बर्बाद कर रहे हैं।”

इस टिप्पणी के बाद CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इतने बड़े संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को इस तरह की भाषा से बचना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए ठीक नहीं है। मामले में याचिकाकर्ता के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया था। वकील ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई वीडियो मौजूद हैं, जिनमें छात्रों के साथ कथित तौर पर पुलिस बल प्रयोग दिखाई दे रहा है।

इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि कोर्ट के पास वीडियो देखने का समय नहीं है। इसके बाद अदालत ने मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के साथ न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना शामिल थे। पीठ ने कहा कि मामले की सुनवाई तय प्रक्रिया के अनुसार होगी। वहीं, CJP ने कहा है कि संगठन छात्रों के मुद्दों को लेकर अपनी लड़ाई जारी रखेगा और प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर आवाज उठाता रहेगा।