चारधाम यात्रा अपडेट: उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन का असर, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा रोकी गई अस्थायी रूप से

Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा पर असर पड़ा है। मौसम विभाग के रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए चारधाम यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, कई जगहों पर भूस्खलन के कारण सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी कर रहा है और बंद रास्तों को खोलने के लिए राहत एवं सड़क बहाली का काम तेजी से चलाया जा रहा है।

गढ़वाल मंडल प्रशासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि, रास्ते में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के साथ भोजन, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मौसम साफ होने और यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि, वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। यात्रा से जुड़े सभी अपडेट सरकारी माध्यमों से जारी किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि, हालात सामान्य होते ही चारधाम यात्रा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा और प्रभावित मार्गों को जल्द बहाल करना है।