DD News दफ्तर के बाहर बवाल: NSUI का हंगामा, पुतला दहन के बाद परिसर में तोड़फोड़-3 कार्यकर्ता गिरफ्तार

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली का मंडी हाउस इलाका मंगलवार को उस समय जंग का अखाड़ा बन गया, जब NSUI कार्यकर्ताओं ने DD News के दफ्तर का घेराव कर जमकर हंगामा किया। विवाद की जड़ में है एक टीवी डिबेट, जिसमें एंकर अशोक श्रीवास्तव द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तुलना ‘सावरकर की चप्पल की धूल’ से करने का आरोप है। इस टिप्पणी से भड़के कांग्रेस के छात्र संगठन ने न केवल एंकर का पुतला फूंका, बल्कि डीडी न्यूज परिसर में तोड़फोड़ भी की।

विरोध प्रदर्शन ने तब हिंसक रूप ले लिया जब प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर भीतर घुसने की कोशिश करने लगे। दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए तीन मुख्य कार्यकर्ताओं-राहुल काजला, अखिलेश यादव और सत्यम कुशवाहा को गिरफ्तार कर मंदिर मार्ग थाने भेज दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य उपद्रवियों की पहचान कर रही है। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया है। संगठन की मांग है कि, सरकारी प्रसारक को राजनीतिक एजेंडा चलाने का अड्डा न बनाया जाए। उनकी तीन टूक मांगें हैं, गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई, एंकर की सार्वजनिक माफी और प्रसार भारती की जवाबदेही।

यह घटना केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि सरकारी मीडिया की निष्पक्षता और भाषाई मर्यादा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। जहाँ विपक्ष इसे राहुल गांधी के अपमान से जोड़ रहा है, वहीं आलोचकों का कहना है कि, विरोध के नाम पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाना जायज नहीं है। फिलहाल, मंडी हाउस में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।