दुर्ग। जिले में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए महिला को ब्लैकमेल करने की कोशिश की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को उजागर कर दिया है।
दरअसल ,इस मामले की शुरुआत तब हुई जब पीड़िता ने उतई थाना में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि, एक अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद आरोपी ने धीरे-धीरे व्हाट्सएप पर संपर्क किया और महिला को परेशान करना शुरू कर दिया।आरोपी ने महिला की तस्वीरों को एडिट कर उन्हें आपत्तिजनक रूप देने की कोशिश की और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देने लगा। इसके साथ ही वह लगातार मैसेज के जरिए दबाव बनाता रहा और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। आरोपी का मकसद पीड़िता को डराकर अपनी मांगें मनवाना था।
हालांकि, पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी की मांगों को मानने से साफ इनकार कर दिया और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की।जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इस अपराध को अंजाम दिया था। पुलिस ने बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
वही ,पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और चैटिंग से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं, जो जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि, साइबर अपराध के मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से जुड़ने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसे अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।
