बंगाल में बंपर वोटिंग, 91.40% वोट पड़े, तमिलनाडु में अब तक का सर्वाधिक मतदान

Follow Us

पश्चिम बंगाल । लोकतंत्र के महापर्व में आज पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोट डाले गए। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान कराए गए। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले गए। शाम छह बजे आधिकारिक रूप से मतदान समाप्त हो गया। कुछ जगहों पर कतार में लगे वोटर्स मतदान कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग की तरफ से आधिकारिक मतदान प्रतिशत जारी किया जाना बाकी है।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में बंपर वोटिंग पर पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा पर भरोसा बढ़ा है और तृणमूल कांग्रेस का भय का शासन पराजित हो रहा है। बंगाल में 4 मई को परिणाम नहीं, परिवर्तन आने वाला है। मैं साफ देख रहा हूं बंगाल में इस बार परिवर्तन की कमान बंगाल की बहनों ने संभाल रखी है क्योंकि निर्मम सरकार की सबसे बड़ी शिकार महिलाएं रही हैं। भारी मतदान बदलाव का संकेत दे रहा है। राज्य में मतदान का माहौल बदला हुआ है। भय जा रहा है, भरोसा आ रहा है।

तमिलनाडु में भारी मतदान के बीच तिरुनेलवेली जिले के पेरुमपथु गांव ने चुनाव का पूर्ण बहिष्कार किया। जिले का औसत मतदान 77.69 फीसदी रहा, लेकिन 969 मतदाताओं वाले इस गांव में केवल तीन लोगों ने वोट डाला। यह बहिष्कार मार्च में हुई एक हिंसक घटना के विरोध में किया गया। तब एक गिरोह ने गांव में हमला कर दो लोगों की हत्या कर दी थी और सात को गंभीर घायल कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई केवल दिखावा है। जिला कलेक्टर सुकुमार ने ग्रामीणों को मनाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी सुरक्षा में विफल रहने वाले तंत्र के खिलाफ अड़े रहे। साल 2026 के चुनाव में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में रिकॉर्डतोड़ वोटिंग हुई है। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन- वोटर टर्नआउट एप पर रात आठ बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक बंगाल में 92 फीसदी से अधिक, जबकि तमिलनाडु में 85 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है।

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के प्रत्येक मतदाता को सलाम: चुनाव आयोग

बंगाल और तमिलनाडु में मतदान समाप्त होने के बाद देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के प्रत्येक मतदाता को सलाम करता है।