ब्रेकिंग: एमपी ईएसबी का सर्वर फेल: चार बड़ी भर्ती परीक्षाएं रद्द, भड़के छात्रों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर मांगा मुआवजा

Follow Us

सतना। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MP ESB) की तकनीकी लापरवाही एक बार फिर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं पर भारी पड़ गई है। रविवार को आयोजित वन रक्षक, क्षेत्र रक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली सर्वर ठप होने के कारण अचानक रद्द कर दी गई। सतना के आदित्य कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सैकड़ों छात्र दोपहर की पाली में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन परीक्षा शुरू होते ही ईएसबी का सर्वर डाउन हो गया। छात्रों को करीब तीन घंटे तक परीक्षा हॉल में ही बिठाकर इंतजार कराया गया और अंत में सर्वर ठीक न होने पर परीक्षा निरस्त करने का फरमान सुना दिया गया। इस अव्यवस्था से नाराज छात्रों का गुस्सा भड़क उठा और वे एनएसयूआई (NSUI) नेता आनंद पाण्डेय के नेतृत्व में सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

इस घोर लापरवाही के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दूर-दराज के जिलों से आए अभ्यर्थियों को उठानी पड़ी। डिंडोरी से आए पीड़ित छात्र धर्मेंद्र दुबे ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दो दिन की कमाई खर्च कर सतना आने-जाने और रुकने का इंतजाम किया था, लेकिन यहाँ आकर सब बर्बाद हो गया। छात्रों ने सरकार से मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और छात्रों को हुई आर्थिक क्षति का मुआवजा दिया जाए। हालांकि, बढ़ते विरोध को देखकर ईएसबी ने आनन-फानन में रद्द हुई परीक्षा की नई तारीख 20 जून घोषित कर दी है, लेकिन छात्रों का कहना है कि इससे उनके मानसिक तनाव और दोबारा आने-जाने के आर्थिक बोझ की भरपाई नहीं होगी। मौके पर पहुंचे एसडीएम राहुल सिलाड़िया ने छात्रों को शांत कराते हुए उनकी मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।