BREAKING: शादी का खाना खाने से 400 लोग हुए बीमार, इलाके में मचा हड़कंप

Follow Us

गुजरात। गुजरात के दाहोद जिले से एक बड़ी चौकाने वाली खबर सामने आ रही है। जहां दाहोद के अभलोड़ गांव में एक शादी समारोह के बाद सामूहिक भोज के चलते बड़ा फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। इस घटना में 400 से अधिक लोग बीमार हो गए, जिससे पूरे गांव में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया है। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया। जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में मेहमानों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिसमें पनीर की सब्जी और आम का रस शामिल था। बताया जा रहा है कि भोजन करने के कुछ घंटों बाद ही रात करीब 11 बजे लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायतें शुरू हो गईं। आपको बता दें की धीरे-धीरे एक के बाद एक लोग बीमार पड़ने लगे और स्थिति गंभीर होती चली गई। कुछ ही घंटों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़कर 400 से अधिक पहुंच गई। इनमें से 50 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें दाहोद के जायडस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं करीब 150 मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। इसके अलावा लगभग 200 लोगों का इलाज गांव में ही डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा किया जा रहा है, जहां प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और फूड सेफ्टी विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने खाने के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस खाद्य पदार्थ के कारण यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई।