रांची। नीट पेपर लीक और सीजेपी प्रोटेस्ट में लाठीचार्ज के मुद्दे को लेकर झारखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ गया है। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव किया, जिसके दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। प्रदर्शन के दौरान एक-दूसरे पर टमाटर, अंडे और पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि नीट पेपर लीक और जेपीएससी भर्ती घोटाले को लेकर राज्य की राजनीति पहले से ही गरमाई हुई है। बुधवार को भाजपा ने कथित भर्ती घोटालों और जेपीएससी मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था। इसके जवाब में कांग्रेस ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता हरमू मैदान से मार्च निकालते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। हालांकि, पुलिस ने कार्यालय से पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, भाजपा कार्यालय के बाहर पहले से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ देर बाद दोनों ओर से एक-दूसरे पर टमाटर और अंडे फेंके जाने लगे। इसके बाद विवाद बढ़ गया और पथराव की स्थिति बन गई।
पथराव की घटना में कुछ मीडियाकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया। घटनास्थल पर ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, एसडीओ समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव कर वापस लौट गए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता भी अपने स्थानों से चले गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
