नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों में मची उथल-पुथल और ईरान-इजरायल के बीच तनाव कम होने के बाद कमोडिटी बाजार में हलचल तेज हो गई है। अमेरिकी मध्यस्थता के चलते युद्ध की स्थिति टलने से कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है, जिससे वैश्विक बाजार में जोखिम कुछ कम हुआ है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार (COMEX) पर सोना मामूली गिरावट के साथ करीब 4,357 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1% की कमजोरी के साथ कारोबार कर रही है, लेकिन भारतीय बाजारों में कीमतें अब भी काफी मजबूत बनी हुई हैं। घरेलू बाजार (MCX) पर पिछले कारोबारी सत्र में सोना करीब 1,54,830 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,46,500 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुई थी।
आज देश के प्रमुख शहरों में सोने-चांदी के भाव स्थिर या मामूली बदलाव के साथ खुले हैं। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना 15,183 रुपये, 22 कैरेट 13,919 रुपये और 18 कैरेट 11,391 रुपये प्रति ग्राम पर ट्रेंड कर रहा है। वहीं मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में 24 कैरेट सोने का भाव 15,168 रुपये प्रति ग्राम है, जबकि चेन्नई में यह सबसे महंगा 15,348 रुपये पर बिक रहा है। इन शहरों में चांदी की कीमत 2,59,900 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि चेन्नई में चांदी 2,69,900 रुपये के स्तर पर पहुंच गई है।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि केवल कच्चे तेल की गिरावट से सोने में बड़ी तेजी की उम्मीद नहीं की जा सकती। आने वाले दिनों में अमेरिकी ब्याज दरें, डॉलर इंडेक्स और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी सोने-चांदी की अगली दिशा तय करेंगे। ध्यान रहे कि ये कीमतें बिना जीएसटी और मेकिंग चार्ज के हैं, इसलिए खरीदारी से पहले अपने नजदीकी जौहरी से फाइनल रेट जरूर कंफर्म कर लें।
