नई दिल्ली। दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित जेन-जेड इंडिया एंटरप्रेन्योर्स समिट शिखर सम्मेलन (Gen-Z India Entrepreneurs Summit) में देशभर से आए युवा उद्यमियों, स्टार्टअप फाउंडर्स, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में मनोज तिवारी ने कहा कि भारत का भविष्य नवाचार, स्टार्टअप और युवा उद्यमियों की सोच पर निर्भर करता है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि केवल नौकरी की तलाश करने के बजाय ऐसे अवसर तैयार करें, जिनसे दूसरे लोगों को भी रोजगार मिल सके। उनके अनुसार, विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में स्टार्टअप इकोसिस्टम की अहम भूमिका होगी।
सम्मेलन के दौरान उद्यमिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, निवेश, नेतृत्व और बिजनेस विस्तार जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा उद्यमियों को सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों को निवेशकों और मेंटर्स के साथ संवाद का अवसर भी मिला, जहां स्टार्टअप फंडिंग, बिजनेस मॉडल, टीम निर्माण और व्यवसाय विस्तार की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
