बंधन बैंक ने क्रेडिट कार्ड बाजार में रखा कदम, चार नए कार्ड वैरिएंट लॉन्च

Follow Us

मुंबई। बंधन बैंक ने मास्टरकार्ड के साथ साझेदारी में अपने क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो की शुरुआत की है। बैंक ने अलग-अलग ग्राहक वर्गों की खर्च संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्पार्क्स, इग्नाइट, फ्लेयर और ल्यूमिना नाम से चार कार्ड पेश किए हैं। इन कार्ड्स में रिवॉर्ड, यात्रा, लाइफस्टाइल और मनोरंजन से जुड़े अलग-अलग लाभ दिए गए हैं। बैंक के अनुसार, नई पीढ़ी के ग्राहकों के लिए आवेदन से लेकर कार्ड सेवाओं तक का अनुभव डिजिटल और आसान रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो का अनावरण बंधन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता, मास्टरकार्ड के भारत एवं दक्षिण एशिया अध्यक्ष गौतम अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य व्यवसाय अधिकारी राजिंदर कुमार बब्बर और क्रेडिट कार्ड प्रमुख पीयूष झा सहित दोनों कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। चारों कार्ड अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से डिजाइन किए गए हैं। स्पार्क्स में किराना और कपड़ों की खरीदारी पर रिवॉर्ड, वेलकम बोनस, घरेलू एयरपोर्ट लाउंज, बुकमायशो ऑफर, फ्यूल सरचार्ज छूट और ईएमआई कैशबैक जैसे फायदे शामिल हैं। इग्नाइट में किराना व यात्रा खर्च पर रिवॉर्ड, वेलकम और माइलस्टोन रिवॉर्ड, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय लाउंज तथा ईज़ीडाइनर के लाभ दिए गए हैं।

फ्लेयर को मुख्य रूप से यात्रा पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए तैयार किया गया है। इसमें वेलकम बेनिफिट के तौर पर अमेजन पे वाउचर, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाउंज, बुकमायशो, ईज़ीडाइनर तथा गोल्फ से जुड़े लाभ मिलेंगे। वहीं, ल्यूमिना को प्रीमियम श्रेणी के ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है। इसमें अंतरराष्ट्रीय खर्च पर रिवॉर्ड, ओबेरॉय गिफ्ट वाउचर, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय लाउंज, कंसीयर्ज और एयरपोर्ट मीट-एंड-ग्रीट सेवाओं के साथ बुकमायशो, ईज़ीडाइनर और गोल्फ से जुड़े विशेषाधिकार शामिल हैं।

लॉन्च के मौके पर पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता ने कहा कि क्रेडिट कार्ड की शुरुआत बैंक के लिए एक सार्वभौमिक बैंक के रूप में आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मास्टरकार्ड के सहयोग से तैयार यह पोर्टफोलियो डिजिटल सुविधा और ग्राहकों की बदलती आकांक्षाओं को ध्यान में रखता है। राजिंदर कुमार बब्बर ने कहा कि अलग-अलग खर्च और लाइफस्टाइल जरूरतों के अनुरूप तैयार कार्ड पोर्टफोलियो बैंक की ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को मजबूत करेगा। मास्टरकार्ड के गौतम अग्रवाल ने कहा कि भारत में डिजिटल भुगतान और क्रेडिट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप सुरक्षित और सहज भुगतान विकल्पों की मांग भी बढ़ रही है। बंधन बैंक के अनुसार ग्राहक इन कार्ड्स के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या नजदीकी शाखा से संपर्क कर सकते हैं। बैंक फिलहाल 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 6,400 से अधिक बैंकिंग केंद्रों के जरिए 3.2 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों को सेवाएं दे रहा है।