इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची अर्जेंटीना विवादों में, राजनीतिक बैनर दिखाने पर FIFA ले सकता है एक्शन

Follow Us

अटलांटा। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के बाद अर्जेंटीना की टीम विवादों में घिर गई है। इंग्लैंड को 2-1 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाने वाली अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल जीत के बाद जश्न के दौरान एक ऐसा बैनर दिखाया, जिस पर FIFA की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। अटलांटा में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराने के बाद अर्जेंटीना के खिलाड़ी मैदान पर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान मिडफील्डर जियोवानी लो सेल्सो और डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी ने “Las Malvinas son Argentinas” लिखा हुआ बैनर प्रदर्शित किया।

इस स्पेनिश वाक्य का मतलब है—“लास माल्विनास (फॉकलैंड द्वीप) अर्जेंटीना के हैं।” यह संदेश फॉकलैंड द्वीपों पर अर्जेंटीना के दावे को दर्शाता है, जो लंबे समय से ब्रिटेन और अर्जेंटीना के बीच विवाद का विषय रहा है। फुटबॉल के नियमों के अनुसार, मैच के दौरान या मैच से जुड़े आयोजनों में राजनीतिक संदेश, नारे, प्रतीक या किसी विवादित मुद्दे से जुड़े प्रदर्शन पर रोक है। FIFA और इंटरनेशनल फुटबॉल एसोसिएशन बोर्ड (IFAB) के नियमों के तहत ऐसे मामलों में खिलाड़ियों या टीम के खिलाफ चेतावनी, जुर्माना या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

लास माल्विनास यानी फॉकलैंड द्वीप समूह दक्षिण अटलांटिक महासागर में स्थित हैं। ये द्वीप अर्जेंटीना के तट से करीब 480 किलोमीटर दूर हैं और वर्तमान में ब्रिटेन के नियंत्रण वाले ओवरसीज टेरिटरी हैं। अर्जेंटीना लंबे समय से इन द्वीपों पर अपना दावा करता रहा है। फॉकलैंड द्वीपों को लेकर ब्रिटेन और अर्जेंटीना के बीच विवाद काफी पुराना है। वर्ष 1982 में दोनों देशों के बीच फॉकलैंड युद्ध भी हुआ था, जिसमें ब्रिटेन की जीत हुई थी। इसके बाद से द्वीपों पर ब्रिटेन का नियंत्रण बना हुआ है, जबकि अर्जेंटीना अब भी इन्हें अपना क्षेत्र मानता है। अर्जेंटीना अब लगातार दूसरी बार FIFA वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। हालांकि, सेमीफाइनल के बाद हुए इस विवाद ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब नजर FIFA के फैसले पर है कि वह इस मामले को नियमों का उल्लंघन मानता है या नहीं। फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा। फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर होंगी, जहां दोनों टीमें विश्व कप ट्रॉफी जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी।