मुंबई। आनंद देवरकोंडा और वैष्णवी चैतन्य की पसंदीदा जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है। दोनों इससे पहले फिल्म ‘बेबी’ में साथ दिखाई दिए थे और अब ‘एपिक फर्स्ट सेमेस्टर’ में उनकी जोड़ी देखने को मिलेगी। आदित्य हासन के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें युवा प्रेम कहानी के साथ पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं की झलक दिखाई गई है। फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
लंदन से शुरू होती है प्रेम कहानी। ट्रेलर की शुरुआत मुख्य किरदार आदित्य से होती है, जो निर्देशक बनने का सपना लेकर लंदन जाता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात वैष्णवी चैतन्य के किरदार से होती है और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगती हैं। आनंद और वैष्णवी की केमिस्ट्री ट्रेलर का खास आकर्षण दिखाई देती है। हालांकि कहानी केवल रोमांस तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें परिवार और रिश्तों से जुड़े भावनात्मक पहलुओं को भी प्रमुखता दी गई है। लंदन की लोकेशन और संगीत ने बढ़ाया आकर्षण। ट्रेलर में लंदन की खूबसूरत लोकेशन के साथ प्रेम और पारिवारिक भावनाओं को प्रभावी तरीके से पेश किया गया है। शिवाजी और वासुकी भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। कलाकारों के अभिनय के साथ बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी कहानी के माहौल को और प्रभावशाली बनाते दिखाई देते हैं।
11 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म। ‘एपिक फर्स्ट सेमेस्टर’ का निर्माण सूर्यदेवरा नागा वामसी और साई सौजन्या ने सितारा एंटरटेनमेंट्स और फॉर्च्यून फोर सिनेमाज के बैनर तले किया है। फिल्म के गानों और अब ट्रेलर को मिल रही प्रतिक्रिया के बाद दर्शकों की नजर इसकी रिलीज पर टिकी है। अब देखना होगा कि आनंद और वैष्णवी की जोड़ी इस बार बॉक्स ऑफिस पर कितना असर छोड़ती है।
