मुंबई। अपनी पहली फिल्म सैयारा से चर्चा में आए अहान पांडे इन दिनों अपनी अगली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। निर्देशक अली अब्बास ज़फ़र की इस बड़े बजट की फिल्म का अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल फिलहाल UK में चल रहा है। इसी दौरान लंदन और बर्मिंघम में फिल्माए जा रहे एक रोमांटिक गाने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गए हैं।
लीक हुए वीडियो में अहान पांडे अलग-अलग लुक में नजर आ रहे हैं। एक क्लिप में वह ब्लैक लेदर जैकेट पहने UK की सड़कों पर चलते हुए रोमांटिक गाने की शूटिंग करते दिखाई देते हैं। छोटे बाल और हल्की दाढ़ी वाले उनके नए लुक ने फैंस का ध्यान खींचा है। वहीं दूसरे वीडियो में वह पर्पल स्वेटशर्ट और जींस में भीड़ के बीच गाने का सीक्वेंस शूट करते नजर आते हैं। शूट खत्म होने के बाद डायरेक्टर के “कट” बोलते ही अहान दर्शकों की ओर बढ़ते हैं और हाथ हिलाकर उनका अभिवादन करते दिखाई देते हैं। अली अब्बास ज़फ़र की इस अनटाइटल्ड फिल्म में अहान पांडे के साथ शरवरी वाघ, बॉबी देओल और ऐश्वर्या ठाकरे भी अहम भूमिकाओं में हैं। विदेश रवाना होने से पहले फिल्म की शूटिंग यशराज फिल्म्स स्टूडियो, मुंबई में की गई थी।
फिल्म को एक बड़े स्तर की कमर्शियल एंटरटेनर बताया जा रहा है, जिसमें रोमांस के साथ दमदार एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिलेंगे। मेकर्स का दावा है कि फिल्म में अहान पांडे एक नए और अलग अंदाज में नजर आएंगे। सुल्तान और टाइगर ज़िंदा है जैसी सफल फिल्मों का निर्देशन कर चुके अली अब्बास ज़फ़र से इस प्रोजेक्ट में भी उनके खास सिनेमाई अंदाज की उम्मीद की जा रही है। फिल्म के शीर्षक और रिलीज़ डेट का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं किया गया है। अहान पांडे की पिछली फिल्म सैयारा को इसकी भावनात्मक कहानी, दमदार अभिनय और संगीत के लिए दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था।
