नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिए गए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राहुल गांधी छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर की सीढ़ियों पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनके एक पैर में जूता नहीं है, बाल बिखरे हुए हैं और चेहरे पर थकान साफ दिखाई दे रही है। इसी दौरान उन्होंने छात्रों और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि संसद में छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा की मांग की गई थी, लेकिन सरकार ने बहस की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है और शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। कांग्रेस नेता ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर कार्रवाई करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने और प्रदर्शन से जुड़े छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग दोहराई।
साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से युवाओं से माफी मांगने और परीक्षा व शिक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार शुरू करने की अपील की। इससे पहले प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई विपक्षी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। देर रात रिहा होने के बाद राहुल गांधी का यह वीडियो राजनीतिक बहस का नया केंद्र बन गया है।
