बालाघाट। जिले में सर्पदंश से एक और दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। रूपझर थाना क्षेत्र के हर्राटोला गांव में गुरुवार रात जमीन पर सो रहे एक मजदूर को जहरीले सांप ने डस लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिछले दो दिनों में सर्पदंश से यह दूसरी मौत है, जिससे इलाके में भय और चिंता का माहौल है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय फगनसिंह धुर्वे के रूप में हुई है, जो खेती और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, घटना की रात वह अपनी छोटी बेटी के साथ घर में जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान एक जहरीला सांप, जिसे स्थानीय तौर पर ‘डांडेकर’ कहा जाता है, वहां पहुंचा और उसने फगनसिंह के सिर पर डस लिया। सांप के काटते ही फगनसिंह जाग गया और स्थिति को भांपते हुए सबसे पहले अपनी बेटी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत उसे बिठली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि फगनसिंह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनकी जिम्मेदारी अब परिवार पर आ गई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग सर्पदंश से बचाव के प्रति सतर्क रहने की बात कर रहे हैं।
बालाघाट में सर्पदंश से मजदूर की मौत, बेटी को बचाने के बाद खुद हार गया जिंदगी की जंग
