दुर्ग। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Mains में नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुरानी भिलाई स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज के परीक्षा केंद्र पर एक छात्र ने बेहद चालाकी से मोबाइल छिपाकर परीक्षा हॉल में ले जाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के आगे उसकी पूरी योजना फेल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह 9 बजे से पहली पाली की परीक्षा शुरू हुई थी। आरोपी छात्र आदित्य परीक्षा देने केंद्र पहुंचा। मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान उसने अपनी चप्पलें पहले ही उतार दीं, जिससे मेटल डिटेक्टर की जांच में वह किसी तरह की शंका से बच गया। इसके बाद वह परीक्षा कक्ष में जाकर अपनी सीट पर बैठ गया। करीब 11:08 बजे छात्र ने वॉशरूम जाने की अनुमति ली और लगभग 20 मिनट बाद वापस लौटा। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी दोबारा जांच की। यहां भी छात्र ने पहले की तरह चप्पल उतारकर जांच से बचने की कोशिश की।
हालांकि, जब वह दोबारा चप्पल पहनकर परीक्षा कक्ष की ओर बढ़ा तो उसकी चाल ने उसे पकड़वा दिया। वह असामान्य तरीके से चप्पल घसीटते हुए चल रहा था, जिससे गार्ड को शक हुआ। गार्ड ने तुरंत उसे रोककर चप्पलों की गहन जांच की।जांच में सामने आया कि, छात्र ने चप्पल के तलवे को बीच से काटकर उसमें मोबाइल छिपाने के लिए विशेष जगह बना रखी थी। मोबाइल पूरी तरह अंदर फिट किया गया था, ताकि आसानी से पकड़ में न आए। यह देखकर मौके पर मौजूद अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
बता दें, इस घटना की जानकारी तुरंत परीक्षा प्रबंधन और एनटीए अधिकारियों को दी गई। इसके बाद आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं गार्ड की सतर्कता ने एक बड़ी गड़बड़ी को समय रहते रोक दिया।
