गुवाहाटी। चीन अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास दुनिया की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजना का निर्माण तेजी से कर रहा है। तिब्बत में यारलुंग त्सांगपो नदी पर बनाई जा रही इस परियोजना की क्षमता 60 हजार मेगावाट बताई जा रही है। निर्माण कार्य बड़े पैमाने पर आगे बढ़ चुका है। आईआईटी दिल्ली के फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (एफआईटीटी) में इनक्यूबेट हुए भारतीय जियोस्पेशियल एआई स्टार्टअप अर्थसेंस लैब्स के सैटेलाइट इमेजरी विश्लेषण में इसका खुलासा हुआ है। विश्लेषण के मुताबिक, चीन ने मुख्य बांध स्थल के आसपास के गांवों को खाली करा दिया है। नदी का रुख मोड़ने का काम भी शुरू हो चुका है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश की सीमा के नजदीक बड़े पैमाने पर औद्योगिक ढांचे का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना से जुड़े निर्माण कार्य की गति और विस्तार भारत के लिए रणनीतिक चिंता का विषय बन गए हैं।
दरअसल, चीन की यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के उत्तर में मैकमोहन रेखा से करीब 40 से 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यारलुंग त्सांगपो नदी भारत में प्रवेश करने के बाद सियांग और आगे ब्रह्मपुत्र के नाम से बहती है। ऐसे में चीन की इस विशाल परियोजना का असर भारत में नदी के जलप्रवाह पर पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, चीन की इस परियोजना को पांच कैस्केड पावर स्टेशनों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 1.2 ट्रिलियन युआन यानी करीब 168 अरब डॉलर बताई गई है। परियोजना में नदी के ग्रेट यू-बेंड से होकर गुजरने वाली सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है। करीब 40 किलोमीटर लंबी सुरंगों के जरिए लगभग 50 किलोमीटर के दायरे में नदी की 2,000 मीटर से अधिक की ऊंचाई से होने वाली गिरावट का इस्तेमाल बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा।
रिपोर्ट में चार प्रमुख निर्माण स्थलों का उल्लेख किया गया है। इनमें मेनलिंग कस्बे के पास मुख्य बांध स्थल, पाई कस्बे के नजदीक एक निचला बांध, नामचा बरवा पर्वत से गुजरने वाली सुरंग और मेडोग काउंटी के आगे भारत-चीन सीमा के पास सुरंग का निकास शामिल है। इन सभी स्थानों पर निर्माण गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। अर्थसेंस लैब्स के विश्लेषण में जुलाई 2025 से अगस्त 2026 तक की सैटेलाइट तस्वीरों की तुलना की गई है। जुलाई 2025 में मुख्य बांध स्थल पर गांव और खेती की जमीन मौजूद थी। दिसंबर 2025 तक गांवों को खाली करा दिया गया और खेतों को हटाकर जमीन समतल करने का काम शुरू हो गया था। अगस्त 2026 की तस्वीरों में नदी का रुख मोड़ने से जुड़ी गतिविधियां दिखाई दी हैं। इसके अलावा उत्तरी किनारे पर नई सड़कें, अस्थायी आवास और कार्यालयों का निर्माण भी सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरंग के निकास वाले क्षेत्र में भी शिलान्यास समारोह से पहले निर्माण गतिविधियां शुरू हो गई थीं।
चीन की परियोजना को देखते हुए भारत ने अरुणाचल प्रदेश में सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (एसयूएमपी) का प्रस्ताव रखा है। 11,200 मेगावाट क्षमता वाली इस परियोजना का उद्देश्य चीन की ओर से नदी के निचले बहाव पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों से निपटना है। प्रस्तावित जलाशय में करीब 9.2 अरब घन मीटर पानी जमा करने की क्षमता होगी। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के अनुसार, भारत की प्रस्तावित परियोजना की भंडारण क्षमता चीन की परियोजना के लिए बताए गए 5.2 अरब घन मीटर पानी से अधिक है। इससे नदी के बहाव को नियंत्रित करने, अचानक पानी छोड़े जाने की स्थिति से निपटने और कम पानी वाले मौसम में जल उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
हालांकि, सियांग परियोजना को लेकर अरुणाचल प्रदेश में स्थानीय स्तर पर विरोध भी बढ़ रहा है। आदि समुदाय के लोगों ने विस्थापन, जमीन और आजीविका पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर चिंता जताई है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को याचिका भी सौंपी गई है। परियोजना के पूर्व-व्यवहार्यता सर्वेक्षण को लेकर तनाव बढ़ने के बाद प्रस्तावित स्थल के आसपास केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती भी की गई थी। अक्टूबर में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा की घटनाएं भी सामने आई थीं। रिपोर्ट में चीन की परियोजना के निर्माण की गति और उसके विस्तार का विवरण दिया गया है, लेकिन इसके पर्यावरणीय प्रभाव, नदी के प्राकृतिक बहाव में बदलाव और अरुणाचल प्रदेश तथा असम पर पड़ने वाले संभावित खतरों का कोई सटीक आकलन नहीं किया गया है। रिपोर्ट में चिह्नित निर्माण स्थलों को भी सांकेतिक बताया गया है। पूरा विश्लेषण सैटेलाइट तस्वीरों पर आधारित है।
