जादू-टोना के शक में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

0 लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़े से किया हमला

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जादू-टोना करने के संदेह में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली में दो आरोपियों ने कथित तौर पर रंजिश के चलते 42 वर्षीय आयतु राम कर्मा की धारदार हथियार और लकड़ी के पीढ़े से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, माड़कापारा दुगेली निवासी विजय कर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आयतु राम कर्मा की 21 नवंबर 2026 की शाम 7 बजे से 22 नवंबर की सुबह 7 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने चेहरे और सीने पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर बचेली पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खुंटे और एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज की। ग्रामीणों और गवाहों से पूछताछ के दौरान लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) के नाम सामने आए। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

रायपुर मास्टर प्लान में बड़ी गड़बड़ी सुधारने की तैयारी, 11 सड़कें फिर जुड़ेंगी, 23 की चौड़ाई बढ़ेगी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि उन्हें मृतक आयतु कर्मा पर गांव में जादू-टोना (बड्डे) करने का संदेह था। इसी बात को लेकर उनके मन में रंजिश थी। इसी के चलते 21 नवंबर की रात उन्होंने लोहे के धारदार बंडा और लकड़ी के पीढ़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का धारदार बंडा और घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।