रायपुर। राजधानी के मास्टर प्लान 2031 में सड़क मार्गों की चौड़ाई और अलाइनमेंट में किए गए बदलावों को लेकर उठे सवालों के बाद राज्य सरकार ने सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच समिति की अनुशंसाओं के आधार पर मास्टर प्लान में किए गए कई संशोधनों को वापस लेने की तैयारी है। इसके तहत योजना से हटाई गईं 11 सड़कों को दोबारा शामिल करने, 23 सड़कों की चौड़ाई मूल प्रस्ताव के अनुसार बहाल करने और 10 सड़कों का पुराना अलाइनमेंट वापस लाने की सिफारिश की गई है।
मास्टर प्लान में इन बदलावों को लेकर लंबे समय से आपत्तियां उठ रही थीं। जुलाई 2023 में प्रकाशित मास्टर प्लान में सड़कों के मार्ग, चौड़ाई और अलाइनमेंट में किए गए बदलावों के संबंध में शासन को 170 से अधिक शिकायतें मिली थीं। इसके बाद मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर अब संशोधन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
170 शिकायतों के बाद गठित हुई थी जांच समिति
दरअसल, 7 अप्रैल 2008 को प्रकाशित मूल मास्टर प्लान 2021 के पुनर्विलोकन के बाद 24 जुलाई 2023 को नया मास्टर प्लान प्रकाशित किया गया था। इसमें कई सड़कों के प्रस्तावित मार्ग और चौड़ाई में बदलाव किए गए थे। इन बदलावों को लेकर नागरिकों और भू-स्वामियों ने आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जांच की पहल की थी। इसके बाद राज्य शासन ने 15 मार्च 2024 को संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की। समिति ने मौके की स्थिति, राजस्व अभिलेख और भविष्य में यातायात के संभावित दबाव का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक संपन्न
जांच समिति की प्रमुख सिफारिशें
समिति ने मास्टर प्लान में सड़क संबंधी विसंगतियों को दूर करने के लिए चार प्रमुख अनुशंसाएं की हैं। 11 सड़कें फिर होंगी शामिल: वर्ष 2023 के मास्टर प्लान से हटाए गए 11 आवश्यक मार्गों को दोबारा योजना में शामिल करने की सिफारिश की गई है। 23 सड़कों की चौड़ाई बढ़ेगी: जिन 23 सड़कों की प्रस्तावित चौड़ाई कम कर दी गई थी, उन्हें वर्ष 2021 की मूल योजना के अनुसार बहाल करने की अनुशंसा की गई है।
10 सड़कों का अलाइनमेंट बदलेगा: एमआर-33 और एमआर-40 सहित 10 मार्गों के बदले गए अलाइनमेंट को निरस्त कर पुरानी स्थिति बहाल करने का प्रस्ताव है। तालिकाओं में भी होगा सुधार: प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों के नाम तथा उनकी चौड़ाई से संबंधित हटाए गए विवरण दोबारा जोडऩे की सिफारिश की गई है। इससे भवन निर्माण की अनुमति से जुड़ी प्रक्रियाओं में आ रही अड़चनें दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ग्रीन बेल्ट और जलाशयों पर भी उठे थे सवाल
मास्टर प्लान को लेकर केवल सड़कों के बदलाव ही विवाद का विषय नहीं रहे। भूमि उपयोग में विसंगतियों, ग्रीन बेल्ट और जलाशयों से जुड़े प्रावधानों पर भी आपत्तियां सामने आई थीं। इन मामलों में शासन स्तर पर अलग से कार्रवाई की जा रही है।
अवैध धान भण्डारण, परिवहन और पुनर्चक्रण पर प्रशासन की कड़ी निगरानी
15 दिनों में दावा-आपत्ति और सुझाव का मौका
राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 23-क के तहत प्रस्तावित संशोधनों पर आम नागरिकों, भू-स्वामियों और संबंधित हितधारकों से 15 दिनों के भीतर दावा-आपत्ति और सुझाव आमंत्रित किए हैं। प्रस्तावित संशोधनों की प्रति कार्यालयीन समय में आयुक्त रायपुर संभाग, कलेक्टर रायपुर, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश के क्षेत्रीय कार्यालय और नगर निगम रायपुर के आयुक्त कार्यालय में देखी जा सकती है। इच्छुक व्यक्ति निर्धारित अवधि में लिखित आपत्ति या सुझाव जमा कर सकेंगे।
प्राप्त दावों और आपत्तियों के परीक्षण के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि प्रस्तावित संशोधन लागू होते हैं, तो रायपुर के मास्टर प्लान में सड़क नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण बदलाव वापस लिए जाएंगे। इससे भविष्य के शहरी विकास, यातायात व्यवस्था और भवन निर्माण की योजना पर भी असर पड़ेगा।
